कैबिनेट से कराऊंगा रहनकलां व रायपुर के किसानों की जमीन का फैसला: विधायक धर्मपाल सिंह 

0

समाधान नहीं हो जाने तक जारी रहेगा किसानों का प्रदर्शन: प्रदीप शर्मा 

  • एडीए का एक सदस्य को लखनऊ में तलब, डीएम ने भेजीं रिपोर्ट
  • धरने के तीसरे दिन भी बंद रखी हाइवे की एक लेन

एत्मादपुर (आगरा)। मंगलवार को तीसरे दिन भी इनर रिंग रोड की एक लेन बंद कर किसानों ने परिवार सहित धरना-प्रदर्शन जारी रखा। किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता कराने की मांग पर अड़े हैं। इधर, आगरा विकास प्राधिकरण के एक सदस्य को शासन ने पत्रावलियों सहित लखनऊ में तलब किया है।

संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में चल रहे अनिश्चितकालीन आंदोलन में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग व नौजवान शामिल हैं। रहनकलां और रायपुर मदरा सहित एक दर्जन गांव के 5 हजार लोग प्रभावित हैं। इनर रिंग रोड, लैंड पार्सल व थीम पार्क में 2009 में इनकी जमीन चली गई थी। किसानों के स्थान पर खतौनी में एडीए का नाम दर्ज हो गया। मगर, इन्हें मुआवजा नहीं दिया गया।

मंगलवार को विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह किसानों से मिलने पहुंच गए। किसानों ने दो टूक कहा कि आंदोलन तभी खत्म होगा, जब मुख्यमंत्री से वार्ता हो जाएगी। किसानों ने कहा कि एक साल पहले मुख्यमंत्री आगरा सर्किट हाउस में आए थे। तब वह खुद कहकर गए थे कि किसानों को पैसा दिया जाए या जमीन वापस की जाए। अब, हम जमीन वापस कराना चाहते हैं।

किसानों के इस प्रदर्शन से लखनऊ एक्सप्रेस-वे और इनर रिंग रोड पर यातायात प्रभावित है। एक लेन बंद कर किसानों ने बीच सड़क पर टेंट लगा दिया है। रास्ते पर ट्रैक्टर खड़े कर रखे हैं। टोल प्लाजा के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों का डायवर्जन कर रही है। क्योंकि, आज नए साल पर हजारों सैलानी इस रास्ते से आगरा आते हैं। जिसपर पीएसी व पुलिस फोर्स तैनात की गई है।

डीएम ने सोमवार को धरना स्थल पर किसानों से मुलाकात की थी। मंगलवार सुबह ही शासन ने एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली को तलब कर लिया। वह लखनऊ में हैं। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी का कहना है कि शासन स्तर पर निर्णय होना है। प्रशासनिक स्तर से किसानों की बात पहुंचा दी गई है। किसानों को समझाने के लिए एडीएम व एसडीएम को भेजा है।

इधर, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह आंदोलन किसानों के धरने में पहुँच गए। उन्होंने किसानों का समर्थन करते हुए कहा कि कैबिनेट में फैसला कराकर उनकी जमीन वापस कराने की बात कही। वे 20 बार लखनऊ के चक्कर लगा चुके हैं। उनका कहना है कि प्रभावित किसानों के साथ है। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत करा दिया है। किसान नेता सोनवीर यादव, प्रदीप शर्मा, हाकिम सिंह, कपूर चंद सिकरवार, कोमल सिंह बघेल, सत्यप्रकाश, नत्थू काका, पूनम, प्रेमवती, शीला, शशि, भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष पवन समाधिया, अंशुमन ठाकुर सहित तमाम किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *