एत्मादपुर में तेज हुआ किसानों का आंदोलन, आज पहुंचेंगे रामजीलाल सुमन

0

Oplus_0

सड़क से लेकर संसद तक उठेगी रहनकलां के किसानों की आवाज: वीरेंद्र सिंह चौहान

  • धरनास्थल पर भाकियू (भानु) गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भारी हुंकार 
  • कांग्रेस, सपा समेत कई किसान संगठनों का मिला समर्थन

एत्मादपुर (आगरा)। भूमि अधिग्रहण के 14 साल बाद भी मुआवजा नहीं मिलने पर किसानों की जमीन वापसी का अब आंदोलन तेज हो गया है। पांच दिन से इनर रिंग रोड पर आंदोलन कर रहे किसानों का टेंट लगाकर धरना-प्रदर्शन चल रहा है। गुरुवार को भाकियू नेता भानू प्रताप सिंह पहुंचे। इनर रिंग रोड पर सभा में उन्होंने आंदोलन की हुंकार भरी। उधर, जिला प्रशासन कैबिनेट के फैसले के इंतजार में है।

       मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट की बैठक में जमीन वापसी पर फैसला होना है। किसानों को मनाने में नाकाम रहे अधिकारी अब कैबिनेट व शासन के निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं। उधर, तीन दिन से एडीए उपाध्यक्ष व सचिव लखनऊ में हैं। क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने प्रकरण से मुख्यमंत्री को अवगत कराया था। प्रभावित किसान मुख्यमंत्री से वार्ता पर अड़े हैं। शासन स्तर से कोई वार्ता का संकेत नहीं आया है।

तीन दिन में चढ़ाएं खतौनी में किसानों का नाम: भानु

भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह गुरुवार को किसानों के धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने किसानों को संबोधित कर कहा कि तीन दिन में एडीए ने खतौनी में किसानों का नाम दर्ज नहीं किया तो वह किसानों के साथ लखनऊ कूच करेंगे। किसान नेता प्रदीप शर्मा, अंशुमन ठाकुर, पवन समाधिया, जयवीर सिंह, गोविंद ठाकुर, सोमवीर सिंह यादव आदि मौजूद रहे। आंदोलन को भारतीय किसान संघ ने भी समर्थन दिया है। किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने कहा कि एडीए को किसानों की जमीन वापस करनी चाहिए। उन्होंने डीएम से मुलाकात कर किसानों की जमीन वापस कराने की मांग रखी।

पुलिस ने अस्थाई रूप से चालू की दूसरी लेन।

यहां से चालू की अस्थाई लेन 

इनर रिंग रोड पर टोल प्लाजा के आगे एक लेन बंद है। ऐसे में लखनऊ एक्सप्रेस, यमुना एक्सप्रेस- वे व हाईवे से इनर रिंग रोड होकर ताजमहल की ओर जाने वाले यातायात प्रभावित हैं। बृहस्पतिवार को कोहरा बढ़ने व यातायात प्रभावित होने से रोकने के लिए इनर रिंग रोड पर डायवर्जन लागू किया है। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी का कहना है कि शासन स्तर पर निर्णय होना है। मुख्यमंत्री कार्यालय को स्थिति से अवगत करा चुके हैं। वहीं पुलिस ने बृहस्पतिवार को दूसरी लेन अस्थायी रूप से चालू करा दी है। धरना स्थल से 500 मीटर आगे बीच डिवाइडर पर मिट्टी डलवाकर वाहनों को लखनऊ की ओर जाने वाली लेन से होकर निकलवाया जा रहा है।

 

सड़क से लेकर संसद तक उठेगी आवाज: वीरेंद्र सिंह 

सपा नेता वीरेंद्र सिंह चौहान ने गुरुवार को धरना धरनारत किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों की आवाज को सड़क से लेकर संसद तक उठाएंगे। जिसके लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन तकरीबन 1:00 बजे इनर रिंग रोड पर चल रहे किसानों के धरने को संबोधित कर पार्टी का समर्थन देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *