एत्मादपुर के हाइवे से शादी में जा रही महिला को ले गई ‘मौत’

Oplus_0
- हादसे के बाद हाइवे पर लगा भीषण जाम
- जनप्रतिनिधियों से फ्लाईओवर की दरकार
एत्मादपुर (आगरा)। आगरा बल्केश्वर निवासी महिला एत्मादपुर के हाईवे से गुजर ही रही थी कि तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर लगने से महिला को मौत झपट्टा मार कर ले गई। हादसे के बाद ‘मौत’ के हाईवे पर भीषण जाम लग गया। पुलिस ने बममुश्किल जाम खुलवाकर यातायात शुरू कराया।

गुरुवार को बल्केश्वर आगरा के गांव गांगोरी निवासी महेश चंद्र टीवीएस विक्की पर सवार होकर अपनी पत्नी (62 वर्षीय) रमा गुप्ता के साथ फिरोजाबाद शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। तभी हाईवे स्थित एत्मादपुर के तहसील चौराहे पर अज्ञात कैंटर की टक्कर लगने से उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। आनन-फानन में कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक महिला के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके बाद हाईवे पर भीषण जाम लग गया। पुलिस ने राहत बचाव करते हुए हाईवे पर यातायात शुरू कराया।
स्थानीय निवासियों संजय प्रकाश गुप्ता, सभासद राजदीपक गुप्ता, शारदा देवी बघेल, मंडल अध्यक्ष स्वदेश बघेल, विश्वदीप सिंह, माधवेंद्र नाथ सिंह, मुफिज़ खान इत्यादि ने हाइवे पर फ्लाईओवर बनवाने के लिए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से दरकार लगाई है। उनका कहना है कि विगत साल भर से हाईवे पर मौत का रिकॉर्ड टूट गया है। राहगीरों को निकालने में काफी परेशानी होती है। जाम की स्थिति से प्रतिदिन जूझना पड़ता है।
फ्लाईओवर से आमजनों को मिलेगी राहत

एत्मादपुर। पूर्व पालिकाध्यक्ष राकेश बघेल ने बताया कि एत्मादपुर के दोनों चौराहों की स्थिति अब बदतर हो गई है। लोगों को आए दिन जाम से जूझना पड़ता है। हाईवे पर वाहनों की संख्या बढ़ने से दुर्घटनाएं भी बढ़ गई है। इससे निपटने के लिए अब जनप्रतिनिधियों को जल्द फ्लाईओवर बनवाना चाहिए। जिससे दुर्घटना होना कम हो जाएगी।