एत्मादपुर बोला, ‘ओवर ब्रिज’ बने या ‘बाईपास’, तब बनेगी बात!
- घंटों जाम में फंसीं रहीं एंबुलेंस और भारी वाहन
- हाइवे की दोनों साइडों से तीन-तीन किलोमीटर लगी लंबी लाइने
एत्मादपुर (आगरा)। एत्मादपुर के दोनों चौराहा पर प्रतिदिन लग रहे वाहनों के जाम से हर कोई बेहाल हो गया है। स्थानीय निवासियों को हाईवे पार करने में तमाम परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। भारी वाहनों के आवागमन से हाईवे की दोनों साइडों पर ट्रैफिक जाम हो जाता है। स्थानीय निवासियों की मंशा है हाईवे पर ओवर ब्रिज बने या बाईपास तब जाकर एत्मादपुर के लोगों को राहत मिलेगी।
ज्ञातव्य हो कि विगत कई महीनो से एत्मादपुर के दोनों तहसील और बरहन चौराहों पर वाहनों के अधिक आवागमन से जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। राहगीरों और भारी वाहन चालकों को बुढ़िया के ताल से लेकर पड़ोसी जनपद की सीमा टूंडला तक ढाई किलोमीटर की दूरी तय करने में घंटे जाम में फंसा रहना पड़ता है। नतीजन, स्थिति विकराल होने के बावजूद भी अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। हाईवे जाम से आए दिन दुर्घटनाएं होना आम बात हो गई है। विगत दिनों पूर्व क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग और ट्रैफिक व पुलिस अधिकारियों के साथ दोनों चौराहों का स्थलीय निरीक्षण किया था। उन्होंने फिलहाल के लिए चौराहे पार करने वाले राहगीरों के लिए बैरियर लगाने की व्यवस्था को अधिकारियों के समक्ष रखा था। लेकिन कुछ दिन मामला ठीक दिखा। लेकिन फिर वैसा की वैसा हो गया।
इधर, स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन दोनों चौराहों पर जल्दी से जल्द ओवर ब्रिज बनाया जाए। अन्यथा बाईपास बनाने की व्यवस्था लागू किया जाए।
