एत्मादपुर के किसानों का यमुना नदी में अनोखा प्रदर्शन
जमीन वापस हो या मिले अतिरिक्त मुआवजा
- डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े किसान
- जॉइंट मजिस्ट्रेट, एसीपी सहित पुलिस फोर्स मौके पर
एत्मादपुर (आगरा)। गांव रायपुर में किसानों ने अपनी मांगों को लेकर एडीए के खिलाफ यमुना नदी में उतरकर अनोखा प्रदर्शन किया। इसके साथ ही यमुना में जल समाधि लेने का संकल्प किया। गुस्साए किसान मौके पर जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
एत्मादपुर के गांव रायपुर व रहनकला के किसानों की 2009 में एडीए में 400 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण की थी। 2014 में खतौनी से किसानों के नाम हटकर एडीए के नाम दर्ज हो गए। किसानों को अभी तक मुआवजा नही मिला है। जिसको लेकर किसानों की कई बार प्रशासन से वार्ता हुई। किसानों की मांग है कि एडीए जमीन वापस हो या ब्याज सहित मुआवजा दिया जाए। इसी को लेकर शुक्रवार को किसानों ने यमुना नदी में उतरकर अनोखा प्रदर्शन किया और जलसमाधि लेने को बाध्य हो गए। रायपुर में जलसमाधि को सूचना पर ज्वाइंट मजिस्टेट (एसडीएम) कृष्ण कुमार सिंह व एसीपी सुकन्या शर्मा, थाना प्रभारी विजय विक्रम सिंह ने ग्रामीणों को समझाते हुए उनकी मांगे माने जाने की बात कही। उसके बाद भी गुस्साए किसान जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी को मौके पर बुलाने की मांग पर खड़े रहे।
घंटों चला प्रदर्शन, अधिकारियों की वार्ता विफल
एत्मादपुर। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा किसान की भूमि को अधिग्रहण कर मुआवजा न देने को लेकर गुस्साए किसानों का यमुना नदी में जल समाधि को लेकर घंटों प्रदर्शन चलता रहा। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने बुझाने के बावजूद भी किसान अपनी मांगों पर अड़े हैं। उनका सीधा कहना है कि जिलाधिकारी मौके पर आए और लिखित आश्वासन देकर किसने की मांगों को पूरा करें।
इधर, सिस्टम सुधार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंशुमन ठाकुर के नेतृत्व में भारत बंद के समर्थन में केंद्रीय कार्यालय भवाइन से लेकर तहसील मुख्यालय तक पैदल मार्च किया गया। इसके बाद तहसील परिसर में किसान समस्या संबंधित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दिया गया। उसके बाद नायब तहसीलदार पश्चिम हेमंत, नायब तहसीलदार पूर्वी शिवा यादव को ज्ञापन देकर संबंधित समस्या को निराकरण करने की बात की गई।
रिपोर्ट —- राम किशोर बघेल
